पटना, 27 अक्तूबर (पटना डेस्क) बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार के बीच फारबिसगंज (अररिया) में एनडीए के चुनावी कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान उस समय हंगामा मच गया जब लंबे इंतजार से नाराज महिलाओं ने कुर्सियां उठाकर वहां से निकलना शुरू कर दिया। कार्यक्रम का आयोजन दीनदयाल चौक पर किया गया था, जहां एनडीए के प्रधान चुनाव कार्यालय का शुभारंभ होना था। उद्घाटन का समय शाम चार बजे तय था, लेकिन नेताओं के देर से पहुंचने के कारण सुबह से मौजूद भीड़ का सब्र टूट गया।

जानकारी के अनुसार, उद्घाटन को लेकर सुबह से ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और महिलाएं कार्यालय परिसर में जुट गई थीं। खासकर महिलाएं छठ पर्व को लेकर साड़ी और पूजन सामग्री मिलने की उम्मीद में कार्यक्रम स्थल पर पहुंची थीं। उन्हें बताया गया था कि कार्यक्रम के बाद सामग्री का वितरण किया जाएगा। लेकिन जब शाम तक नेतागण नहीं पहुंचे और कोई घोषणा भी नहीं हुई, तो धीरे-धीरे लोगों का धैर्य जवाब देने लगा।
चार बजे का निर्धारित समय बीतने के बाद जब शाम हो गई और मंच पर कोई गतिविधि नहीं दिखी, तब नाराज महिलाओं ने कुर्सियों पर हाथ फेरना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में माहौल बिगड़ गया और कई महिलाएं कुर्सियां उठाकर गुस्से में कार्यक्रम स्थल से निकलने लगीं। इस दौरान वहां हल्का हंगामा और शोरगुल मच गया।
मौके पर मौजूद स्थानीय कार्यकर्ताओं और टेंट हाउस कर्मियों ने स्थिति संभालने की कोशिश की और महिलाओं को कुर्सियां वापस रखने के लिए समझाया। हालांकि तब तक कई महिलाएं कुर्सियां सिर पर रखे हुए स्थल से चली गईं।
बताया जा रहा है कि इस पूरे प्रकरण से स्थानीय आयोजक असहज स्थिति में आ गए। उद्घाटन कार्यक्रम देर से शुरू हुआ, लेकिन तब तक भीड़ का एक बड़ा हिस्सा वहां से जा चुका था। चुनावी मौसम में भीड़ जुटाने की होड़ में नेताओं के वादे और इंतजार की लंबी घड़ी ने इस कार्यक्रम को चर्चा का विषय बना दिया है।

