गोपालगंज, 27 अक्तूबर (निज संवाददाता) जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के जिगना ढाला के समीप सोमवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में सेना में भर्ती की तैयारी कर रहीं दो छात्राओं की पिकअप की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल छात्रा को इलाज के लिए हथुआ अनुमंडलीय अस्पताल जबकि मृत दोनों छात्राओं के शव को सदर अस्पताल भेज दिया।

मृत छात्रा बरई पट्टी मेला गांव निवासी अमोद राम की 17 वर्षीय पुत्री नेहा कुमारी और दीनानाथ यादव की 16 वर्षीय पुत्री निधि कुमारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीनों छात्राएं रोजाना की तरह सुबह सड़क किनारे दौड़ लगाकर फिजिकल ट्रेनिंग कर रही थीं, ताकि सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करने का सपना पूरा कर सकें। इसी दौरान मीरगंज की ओर से आ रही पिकअप वैन ने अचानक उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्राओं में से एक का शव सड़क किनारे और दूसरी का शव करीब डेढ़ सौ मीटर दूर मिला। हादसे की सूचना मिलते ही मीरगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार पिकअप चालक की तलाश में छापेमारी कर रही है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका निधि के पिता विदेश में मजदूरी करते हैं। वह दो भाइयों में एकलौती बहन थी और इंटर की पढ़ाई पूरी कर सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करना चाहती थी।

