बक्सर, 13 नवम्बर (विक्रांत) विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारियों के बीच जिले में प्रशिक्षण सत्र से अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। नोडल पदाधिकारी, कार्मिक कोषांग बक्सर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 से 25 अक्टूबर तक मतदान दलों के द्वितीय प्रशिक्षण और 30 अक्टूबर को मतगणना कर्मियों के प्रथम प्रशिक्षण का आयोजन किया गया था।

इस दौरान मतदान दल के 17 कर्मी अनुपस्थित पाए गए, जिनसे स्पष्टीकरण मांगा गया था। इनमें से 4 कर्मियों ने अब तक जवाब नहीं दिया है। इसी प्रकार, मतगणना प्रशिक्षण में 42 कर्मी अनुपस्थित रहे, जिनमें से 23 ने स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया।
इस पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी बक्सर ने सभी 27 कर्मियों का वेतन अगले आदेश तक स्थगित रखने का आदेश जारी किया है। साथ ही, आरपी एक्ट के तहत विधि-सम्मत कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि चुनावी दायित्वों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

