बक्सर, 29 नवम्बर (विक्रांत) जिला पदाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने शनिवार को यातायात प्रबंधन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें शहर में बढ़ती अव्यवस्था को रोकने के लिए कई सख्त कदम तय किए गए। अधिकारियों ने टोल प्लाजा प्रबंधक को एक लेन से कतारबद्ध तरीके से वाहन छोड़ने का निर्देश दिया।

वीर कुंवर सिंह सेतु पर किसी वाहन के खराब होने पर तुरंत क्रेन से हटाने और गोलंबर क्षेत्र में 24X7 क्रेन उपलब्ध रखने को कहा गया।उत्तरी मार्ग पर कई ट्रक चालक टैक्स या चालान से बचने के लिए नंबर प्लेट ढकते पाए जाते हैं; ऐसे वाहनों पर जिला परिवहन पदाधिकारी को जांच और कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया गया। मोटरयान निरीक्षक को सड़क पर नहीं बल्कि किनारे या उपयुक्त स्थल पर जांच करने को कहा गया।यातायात डीएसपी को गोलंबर, सिंडिकेट, बाईपास और ज्योति चौक तक पार्किंग के लिए उपयुक्त स्थल चिह्नित करने का आदेश मिला। नगर परिषद को अतिक्रमण हटाने हेतु विस्तृत कार्य योजना बनाने का निर्देश भी जारी किया गया।यह कदम शहर में सुचारू आवागमन सुनिश्चित कर सुरक्षित और अनुशासित यातायात व्यवस्था लागू करने की दिशा में माना गया।

