बक्सर, 28 अक्तूबर (विकांत) डुमरांव विधानसभा क्षेत्र से महागठबंधन के प्रत्याशी और निवर्तमान विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह पर आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। यह प्राथमिकी नया भोजपुर ओपी में अंचलाधिकारी (सीओ) कुमार दिनेश के प्रतिवेदन पर दर्ज की गई।

जानकारी के अनुसार, पुराना भोजपुर स्थित भैसहा नदी पुल के समीप छठ घाट पर वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के तहत पुल और सीढ़ी का निर्माण कराया गया था। उसी वर्ष छठ पर्व के दौरान विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह ने इस कार्य का उद्घाटन किया था। बाद में शिलापट्ट वाहन की टक्कर से क्षतिग्रस्त हो गया था। सोमवार को उनके समर्थकों ने शिलापट्ट की मरम्मत कर रंग-रोगन कर दिया, जिससे यह फिर से नया नजर आने लगा।
अधिकारियों ने निरीक्षण में पाया कि बोर्ड पर पूर्व विधायक का नाम अंकित है। इसे आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए सीओ ने ओपी प्रभारी को लिखित रिपोर्ट दी, जिसके आधार पर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने कांड संख्या 105/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज की।
प्रशासन के अनुसार, चुनावी माहौल में पुराने विकास कार्यों के बोर्ड को दोबारा ठीक कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की गई, जो दंडनीय अपराध है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
साथ ही, निर्वाचन आयोग के निर्देश पर संबंधित शिलापट्ट को ढंक दिया गया है ताकि चुनावी प्रचार में इसका दुरुपयोग न हो सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए की गई है।

