
बक्सर, 17 मार्च (विक्रांत) जिले में शिक्षा के क्षेत्र में सोमवार को बड़ा कदम उठाया गया, जब शिक्षा विभाग ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म—YouTube, Facebook, Instagram और X (Twitter)—की शुरुआत के साथ मासिक ई-पत्रिका “बोधिका” के मार्च अंक का भव्य विमोचन किया। यह कार्यक्रम जिले में शैक्षणिक नवाचार और डिजिटल पहुंच को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप रंजन, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (EE&SSA) चन्दन कुमार द्विवेदी, डायट डुमरांव के वरीय व्याख्याता डॉ. नवनीत कुमार सिंह सहित संपादकीय टीम के सदस्यों ने संयुक्त रूप से पत्रिका का विमोचन किया।

जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप रंजन ने कहा कि “बोधिका” जिले के स्कूलों में हो रहे नवाचार, गतिविधियों और विद्यार्थियों की प्रतिभा को एक सशक्त मंच दे रही है। इससे शिक्षकों और छात्रों के बीच सकारात्मक प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा।जिला कार्यक्रम पदाधिकारी चन्दन कुमार द्विवेदी ने इसे शिक्षकों और विद्यार्थियों की रचनात्मक अभिव्यक्ति का मजबूत माध्यम बताते हुए कहा कि सभी शिक्षक अपने विद्यालयों की उपलब्धियों और नवाचारों को इसमें साझा करें।डॉ. नवनीत कुमार सिंह ने कहा कि यह ई-पत्रिका शिक्षा से जुड़े सभी लोगों के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बनती जा रही है और जिले की उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर पहुंचा रही है।

इस अवसर पर विमल कुमार सिंह (+2 उच्च विद्यालय, लाखनडिहरा), मो. इमाम अली अंसारी (मध्य विद्यालय, नथुनी अहीर के डेरा), डॉ. मृत्युंजय राय (जवाहर ज्योति उच्च विद्यालय, बसुधर), सुगंधा कुमारी (मध्य विद्यालय, धनहा), रवि प्रकाश (हाई स्कूल, कठार) और राजेश कुमार राय (उच्च विद्यालय, बिझौरा) समेत कई शिक्षाविद मौजूद रहे।कार्यक्रम के अंत में सभी ने “बोधिका” की सराहना करते हुए इसे शिक्षा सुधार की दिशा में मील का पत्थर बताया।

