समस्तीपुर, 10 नवम्बर (समस्तीपुर डेस्क) जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के दिनमनपुर दक्षिणी पंचायत के बरहगामा गांव में मंगलवार शाम बाइक की ठोकर से 32 वर्षीय मजदूर श्याम साह की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि श्याम साह, पिता महेंद्र साह, शाम लगभग 7 बजे पेशाब करने के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान उत्तर दिशा की ओर से आ रही बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

परिजन उन्हें इलाज के लिए समस्तीपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई। इसकी सूचना खानपुर थाना को दी गई, जिस पर थाना अध्यक्ष रंजीत कुमार चौधरी अपने दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
परिवार में कोहराम मचा हुआ है। श्याम साह चार बेटियों और दो बेटों के पिता थे तथा घर में परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य थे। गांववालों का कहना है कि तेज रफ्तार गाड़ियों के कारण एक्सीडेंट की घटनाएं लगातार हो रही हैं। अब सबकी निगाहें कानून की कार्रवाई पर टिकी हैं, कि इस मामले में क्या कदम उठाया जाता है।

