समस्तीपुर, 09 नवम्बर (समस्तीपुर डेस्क) शिवाजीनगर थाना पुलिस ने रविवार को गुप्त सूचना के आधार पर बरियाही घाट के समीप छापेमारी कर अवैध शराब कारोबार का पर्दाफाश किया। पुलिस ने मौके से 21 लीटर देसी जुलाई शराब और 1 लीटर 260 एमएल विदेशी शराब बरामद की तथा दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। थाना अध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि शराब तस्करी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में छापेमारी की, जिसमें दोनों आरोपी रंगे हाथ पकड़े गए।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्तियों से पूछताछ के बाद अन्य संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है। फरार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। थाना अध्यक्ष ने कहा कि बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसका वितरण किन लोगों को किया जाना था। उन्होंने कहा कि अवैध शराब कारोबार पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

