नई दिल्ली, 28 सितम्बर (अशोक “अश्क”) उत्तर प्रदेश के बरेली में हुए उपद्रव के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। इस बीच लखनऊ ईदगाह के इमाम मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने मुसलमानों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि “अगर पैगंबर मोहम्मद से मोहब्बत दिखानी है, तो दूसरों की मदद करें, बच्चों को अच्छी तालीम दें और समाज में शांति का पैगाम फैलाएं।”
उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रहे ‘आई लव मोहम्मद’ ट्रेंड को रोकने की भी सलाह दी और कहा कि इस समय हिन्दू भाइयों के बड़े त्योहार हैं, इसलिए ऐसा कोई काम न हो जिससे उन्हें परेशानी हो।

बरेली में शुक्रवार को उस समय हिंसा भड़क उठी जब मौलाना तौकीर रजा खान ने इस्लामिया ग्राउंड में जुटाव के बाद कलेक्ट्रेट तक मार्च का ऐलान किया। पुलिस ने जब भीड़ को रोकने की कोशिश की तो खलील तिराहा समेत 10 स्थानों पर पथराव और फायरिंग शुरू हो गई। हालात काबू में लाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा।
पुलिस ने कोतवाली में पांच, बारादरी में दो और अन्य थानों में एक-एक केस दर्ज किए हैं। इनमें सात मुकदमों में मौलाना तौकीर को आरोपी बनाया गया है। उन्हें शुक्रवार देर रात फाइक इंक्लेव से गिरफ्तार कर शनिवार सुबह जेल भेज दिया गया।
तौकीर के अलावा बारादरी और कोतवाली पुलिस ने कुल 12 अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें आईएमसी के महानगर अध्यक्ष अनीस भी शामिल हैं। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार, पेट्रोल की गंध वाली बोतलें और भड़काऊ पर्चे भी बरामद किए हैं।
जांच में सामने आया है कि हिंसा एक साजिश थी और इसमें दूसरे शहरों से उपद्रवी बुलाए गए थे। पुलिस कॉल डिटेल खंगाल रही है।

