बेतिया, 4 अक्तूबर (सेंट्रल डेस्क) पश्चिमी चम्पारण के गोवर्धनना वन क्षेत्र में बाघ का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। मटियारिया गांव में शुक्रवार शाम एक किसान को बाघ ने शिकार बना लिया। मृतक की पहचान बनहवा मटियारिया निवासी भजन मुसहर (40 वर्ष) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार,भजन मुसहर दो भैंस को लेकर चराने के लिए जंगल किनारे गए थे। शाम वे जब घर लौट रहे थे तभी अचानक बाघ ने हमला कर उन्हें जंगल की ओर घसीट लिया। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने रात्रि लगभग 9 बजे शव बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले एक माह में इस आदमखोर बाघ ने तीन लोगों की जान ले ली है।

कुछ दिन पहले सहोदरा थाना क्षेत्र के खेखरीया टोला में किसान को और उससे पहले सोनबरसा में एक महिला को बाघ ने मार डाला था। इसके अलावा दो गाय और दो बकरियों को भी शिकार बना चुका है। लगातार हो रही घटनाओं से गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीण रात में लाठी-डंडे लेकर रतजगा करने को मजबूर हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लोगों का कहना है कि यह वही बाघ है जिसने उमछी देवी और खेखरिया टोला के किसान पर हमला किया था। वन विभाग ने इलाके में रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया है और बाघ की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।

