पटना “अशोक “अश्क”) आज के समय में बालों का झड़ना हर उम्र के लोगों की एक आम लेकिन चिंता बढ़ाने वाली समस्या बन गई है। चाहे युवा हों या बच्चे, हर किसी को कमजोर, पतले और तेजी से झड़ते बालों की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे न सिर्फ शारीरिक सुंदरता प्रभावित होती है, बल्कि आत्मविश्वास में भी गिरावट आती है।

अक्सर लोग बालों के झड़ने की वजह पानी, प्रदूषण, तनाव या खराब शैम्पू को मानते हैं, लेकिन हकीकत में इसके पीछे शरीर के भीतर पोषण की कमी एक बड़ी भूमिका निभाती है। विशेषज्ञों के अनुसार, सही समय पर संतुलित डाइट लेने से न सिर्फ बालों का झड़ना रुक सकता है, बल्कि दवाओं और महंगे ट्रीटमेंट की भी जरूरत नहीं पड़ती।
विटामिन B12
यह विटामिन शरीर में ऑक्सीजन और न्यूट्रिएंट्स के ट्रांसपोर्ट को बेहतर बनाता है। इसकी कमी से स्कैल्प तक पोषण नहीं पहुंच पाता और बाल कमजोर होकर झड़ने लगते हैं।
बायोटिन (Vitamin B7)
बायोटिन को ‘हेयर विटामिन’ भी कहा जाता है। यह बालों की जड़ों को मज़बूती देता है और टूटने से बचाता है। इसकी कमी से बाल बेजान और रूखे हो जाते हैं।
विटामिन D
यह विटामिन बालों की जड़ों (Hair Follicles) को एक्टिव रखने में मदद करता है। इसकी कमी से बाल पतले होने लगते हैं और झड़ना शुरू हो जाता है।
आयरन और जिंक
ये दोनों मिनरल्स बालों की सेहत के लिए बेहद ज़रूरी हैं। आयरन की कमी से एनीमिया होता है, जिससे बालों का झड़ना तेज हो जाता है। वहीं, जिंक बालों के ऊतकों की मरम्मत में सहायक होता है।
विटामिन E
एंटीऑक्सीडेंट के रूप में काम करने वाला यह विटामिन स्कैल्प में ब्लड फ्लो को बढ़ाता है और बालों की ग्रोथ को सपोर्ट करता है।
विटामिन B12 के लिए: मछली, चिकन, दूध, पनीर और दही का सेवन लाभकारी है।
विटामिन D के लिए: सुबह की हल्की धूप लें, साथ ही दूध, दही, अंडा और फोर्टिफाइड फूड्स का सेवन करें।
बायोटिन से भरपूर: मूंगफली, अखरोट, अंडे की जर्दी, शकरकंद और बादाम को डाइट में शामिल करें।
आयरन और जिंक के लिए: हरी पत्तेदार सब्जियां, गुड़, चना, मसूर दाल, मटर और राजमा लें।
विटामिन E के स्रोत: सूरजमुखी के बीज, कद्दू के बीज, पालक और बादाम।
सिर्फ खानपान ही नहीं, बल्कि जीवनशैली में भी सुधार ज़रूरी है। रोजाना 7–8 घंटे की नींद लें। तनाव को कम करने के लिए योग और मेडिटेशन करें। जंक फूड से परहेज़ करें और बालों पर केमिकल युक्त प्रोडक्ट्स का कम से कम उपयोग करें।
बालों का झड़ना शरीर की अंदरूनी सेहत का संकेत है। इसे हल्के में लेना नुकसानदायक हो सकता है। अगर आप सही समय पर डाइट और जीवनशैली में सुधार कर लें, तो दवाओं और ट्रीटमेंट की ज़रूरत नहीं पड़ेगी। हालांकि, अगर समस्या लगातार बनी रहती है, तो डॉक्टर से परामर्श अवश्य लें।
(अस्वीकरण: यह लेख सामान्य जानकारी पर आधारित है। व्यक्तिगत स्वास्थ्य समस्याओं के लिए विशेषज्ञ की सलाह ज़रूरी है। इसके लिए बिफोरप्रिंट डिजिटल किसी भी प्रकार से किसी चीज के लिए जिम्मेदार नहीं है)

