
समस्तीपुर, 04 जनवरी (सेंट्रल डेस्क) उत्तराखंड सरकार की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री के पति गिरधारी लाल साहू द्वारा बिहार की महिलाओं पर दिए गए आपत्तिजनक बयान को लेकर सियासत गरमा गई है। जनता दल यूनाइटेड की विधायक और बिहार महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष अश्वमेघ देवी ने इस बयान पर कड़ी नाराजगी जताते हुए तीखा हमला बोला है।

उन्होंने कहा कि गिरधारी लाल का बयान न सिर्फ महिलाओं के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाने वाला है, बल्कि पूरे बिहार का अपमान है। विधायक ने मांग की कि मंत्री पति तत्काल सार्वजनिक रूप से माफी मांगें, क्योंकि बिहार की महिलाएं ऐसे बयान को कभी स्वीकार नहीं करेंगी।अश्वमेघ देवी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए लगातार ठोस काम हुआ है।

उन्होंने कहा कि बिहार की महिलाएं आज राजनीति, प्रशासन और हर क्षेत्र में शीर्ष पदों पर हैं। ऐसे में 25 हजार में खरीदने जैसी भाषा घोर निंदनीय है। जदयू ने इस बयान की कड़ी निंदा करते हुए स्पष्ट किया कि पार्टी महिलाओं के सम्मान के सवाल पर एकजुट है। उन्होंने कहा कि इस बयान की जितनी भर्त्सना की जाए, वह कम है।

