पटना, 30 अगस्त (अशोक “अश्क”) बिहार में चल रही वोटर अधिकार यात्रा के 16वें दिन शनिवार को राजनीतिक तापमान उस वक्त चरम पर पहुंच गया, जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश याव और राजद नेता तेजस्वी यादव ने सारण जिले के एकमा में संयुक्त रूप से रोड शो किया। यह नजारा बिहार की राजनीति में विपक्षी एकता के नए अध्याय के रूप में देखा जा रहा है।

एकमा, जिसे महान चिंतक और लेखक राहुल सांकृत्यायन की कर्मभूमि के रूप में जाना जाता है, वहां विपक्षी दलों के शीर्ष नेताओं की एक साथ मौजूदगी ने राजनीतिक हलकों में हलचल पैदा कर दी है। राहुल गांधी, अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव तीनों खुले जीप पर सवार होकर सड़कों पर उतरे और हजारों की भीड़ के बीच लोगों का अभिवादन किया।
रोड शो के दौरान माहौल बेहद उत्साहजनक रहा। सड़कों पर उमड़ी हजारों की भीड़, ढोल-नगाड़े, नारेबाजी और फूल-मालाओं के साथ लोगों ने नेताओं का जोरदार स्वागत किया। खासकर युवाओं और महिलाओं में गजब का जोश देखा गया। राहुल गांधी सफेद टी-शर्ट और गले में सफेद गमछा पहने हुए दिखाई दिए, वहीं अखिलेश यादव पारंपरिक कुर्ता-पाजामा में नजर आए। तेजस्वी यादव ने भी अपने चिरपरिचित अंदाज में जनसमर्थन को साधा।
राहुल गांधी ने इस दौरान स्थानीय जनता को हाथ हिलाकर अभिवादन किया और लोगों से लोकतंत्र की मजबूती के लिए वोट के अधिकार के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने यह संदेश देने की कोशिश की कि देश में अब एक मजबूत और विचारधारा-आधारित विपक्ष खड़ा हो चुका है।
राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो बिहार में कांग्रेस, राजद और सपा का यह साझा मंच आगामी लोकसभा चुनावों में विपक्षी गठबंधन की रणनीति की झलक देता है। यह नजारा INDIA गठबंधन के भीतर समन्वय और सहयोग की कोशिशों को धरातल पर लाने का एक सफल प्रयास माना जा रहा है।
एकमा जैसे ऐतिहासिक स्थल पर यह रोड शो विपक्ष की उस रणनीति का हिस्सा है, जिसके जरिए वह ग्रामीण और अर्ध-शहरी इलाकों में जनाधार मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
इस यात्रा का सारण में यह चरण अब विपक्षी एकता और जनसंपर्क की बड़ी मिसाल बन गया है, जिससे आने वाले दिनों में बिहार की राजनीतिक तस्वीर में बड़े बदलाव की संभावनाएं भी जताई जा रही हैं।

