
नई दिल्ली, 09 जनवरी (अशोक “अश्क”) बिहार के लोगों के लिए रेलवे की ओर से एक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य से अब एक और अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन होने जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, जल्द ही पटना से मुंबई के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस दौड़ती नजर आएगी। दिल्ली के बाद पूर्व मध्य रेलवे प्रशासन अब मुंबई रूट पर अमृत भारत ट्रेन चलाने की तैयारी में जुट गया है।

सूत्रों की मानें तो दानापुर मंडल के माध्यम से पूर्व मध्य रेलवे की ओर से रेलवे बोर्ड को भेजे गए प्रस्ताव को हरी झंडी मिल चुकी है। इसके साथ ही प्रयागराज डिविजन और पश्चिम मध्य रेलवे की तरफ से भी आवश्यक अनुमति प्रदान कर दी गई है। माना जा रहा है कि तैयारियों को लेकर जल्द ही आधिकारिक आदेश जारी हो सकता है।प्रारंभिक प्रस्तावों के अनुसार, पटना–मुंबई अमृत भारत एक्सप्रेस का टाइम टेबल भी लगभग तैयार हो चुका है, जिसे जनवरी के अंत तक अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है। फिलहाल इस ट्रेन को सप्ताह में तीन दिन चलाने की योजना बनाई गई है।

गौरतलब है कि वर्तमान में पटना समेत बिहार के विभिन्न स्टेशनों से होकर कुल 13 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें गुजरती हैं। इनमें पटना–आनंद विहार, मुजफ्फरपुर–चेरलापल्ली, दरभंगा–मदार जंक्शन और छपरा–आनंद विहार टर्मिनल जैसी प्रमुख सेवाएं शामिल हैं।रेलवे बोर्ड भविष्य में 26 नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें शुरू करने की योजना पर काम कर रहा है, जिसमें पटना–मुंबई रूट भी शामिल है। बिहार में रेलवे कनेक्टिविटी को लगातार मजबूत किया जा रहा है। नई रेल लाइनों और ट्रेनों की सौगात से अब बिहार से मुंबई का सफर और भी आसान व सुविधाजनक होने वाला है।

