पटना, 18 अक्टूबर (अशोक “अश्क”) बिहार में विधानसभा चुनाव प्रचार का दौर जोर पकड़ने लगा है। इसी क्रम में कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को पहले चरण के मतदान के लिए अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी। इस सूची में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से लेकर क्षेत्रीय प्रभावशाली चेहरों तक के नाम शामिल हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा स्टार प्रचारकों की सूची में प्रमुखता से शामिल हैं। इनके अलावा कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्षों को भी प्रचार की जिम्मेदारी दी गई है।

चौंकाने वाली बात यह रही कि पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को भी स्टार प्रचारकों में जगह दी गई है। इसके अलावा कन्हैया कुमार, अखिलेश प्रसाद सिंह, रंजीता रंजन, शकील अहमद खान, मदन मोहन झा और कृष्णा अल्लावरु जैसे चेहरे भी इस सूची में शामिल हैं।
अन्य प्रमुख नामों में अशोक गहलोत, भूपेश बघेल, दिग्विजय सिंह, सचिन पायलट, रणदीप सुरजेवाला, अधीर रंजन चौधरी, मीरा कुमार, अलका लांबा, इमरान प्रतापगढ़ी, जिग्नेश मेवानी, पवन खेड़ा, राजेश राम, तारिक अनवर और सुबोध कांत सहाय जैसे दिग्गज नेता शामिल हैं।
बिहार में विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर और दूसरे चरण का 11 नवंबर को होगा। हालांकि महागठबंधन के भीतर सीटों को लेकर अभी भी खींचतान जारी है। कई सीटों पर ‘दोस्ताना संघर्ष’ की स्थिति बनी हुई है।
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस राज्य में अधिक सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के बाद पार्टी का आत्मविश्वास बढ़ा है। लेकिन आरजेडी कांग्रेस की सीट मांगों को लेकर अब तक सहमत नहीं हुई है। वैशाली की दो सीटों पर तो दोनों दलों ने अपने-अपने उम्मीदवार मैदान में उतार दिए हैं, जिससे गठबंधन में मतभेद खुलकर सामने आ रहे हैं।
शनिवार को पटना में कांग्रेस की अहम बैठक होने वाली है, जहां सीट बंटवारे पर अंतिम निर्णय की उम्मीद है।

