समस्तीपुर, 02 नवंबर (समस्तीपुर डेस्क) बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को सुव्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा के निर्देश पर रविवार को समस्तीपुर कॉलेज में मतदान सामग्री जमा (रिसीविंग) केंद्र की प्रक्रियाओं का गहन निरीक्षण किया गया।

इस दौरान नोडल पदाधिकारी-सह-जिला बंदोबस्त पदाधिकारी बिजय कुमार की उपस्थिति में मुख्य मास्टर ट्रेनर सतीश कुमार यादव और उनकी टीम ने मतदान उपरांत सामग्री जमा करने की सभी गतिविधियों की समीक्षा की। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य मतदान के बाद तैयार किए जाने वाले विभिन्न पैकेटों की पैकिंग और संग्रहण प्रक्रिया में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित करना था।
मास्टर ट्रेनर टीम — मंगलेश कुमार, श्याम नंदन यादव, कपिलेश्वर प्रसाद सिन्हा, मो. फरहाद, अभिषेक कुमार अभय, अरुण कुमार, लोकाशीष, अबू ओमारा नदीम, अंजनी कुमार पांडे और विकास कुमार गुप्ता — ने चेकलिस्ट के अनुसार पैकेटवार जांच की। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि ईवीएम, मतदाता रजिस्टर, फॉर्म 17-क और 17-ग, निर्वाचन अभिकर्ताओं के पत्र, अमिट स्याही, पुस्तिकाएं और स्टाम्प आदि नियमानुसार भरे और सुरक्षित रूप से सीलबंद किए गए हों।
नोडल पदाधिकारी बिजय कुमार ने सभी मतदान कर्मियों को निर्देश दिया कि सामग्री जमा करते समय पूर्ण सावधानी और अनुशासन का पालन करें। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की सफलता इस अंतिम चरण की सटीकता पर निर्भर करती है।

