नई दिल्ली, 12 अक्तूबर (अशोक “अश्क”) बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए भाजपा ने अपनी हिस्सेदारी वाली qसीटों पर उम्मीदवारों के नाम तय करने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। शनिवार को पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक चली मैराथन बैठक में इसपर मंथन हुआ।

बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और संगठन महासचिव बीएल संतोष भी शामिल थे।सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने 113 सीटों पर संभावित उम्मीदवारों की सूची बनाई है, हालांकि गठबंधन में भाजपा को लगभग 102 सीटों पर चुनाव लड़ना है। कुछ सीटों की अदला-बदली की संभावनाओं को देखते हुए अधिक नामों पर विचार किया गया।पार्टी ने 80% से अधिक मौजूदा विधायकों को फिर से टिकट देने का निर्णय लिया है। बाकी सीटों पर नए चेहरों को मौका मिलेगा।हालांकि, पार्टी द्वारा कराए गए फीडबैक और आंतरिक सर्वे में सत्ता विरोधी लहर से निपटने के लिए अधिक बदलाव की सिफारिश की गई थी। सर्वे में करीब आधे विधायकों को बदलने की सलाह दी गई थी।रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में केंद्रीय चुनाव समिति इस पर अंतिम मुहर लगाएगी।

