समस्तीपुर, 22 अक्टूबर (समस्तीपुर डेस्क) आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत मतगणना प्रक्रिया को त्रुटिरहित, पारदर्शी और सुचारु रूप से संपन्न कराने हेतु बुधवार को समस्तीपुर के संत कबीर महाविद्यालय में मतगणना कर्मियों के लिए सघन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह प्रशिक्षण जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा के निर्देशानुसार संपन्न हुआ। कार्यक्रम का नेतृत्व नोडल पदाधिकारी सह जिला बंदोबस्त पदाधिकारी विजय कुमार ने किया। मुख्य मास्टर ट्रेनर सतीश कुमार यादव, तनवीर आलम, मंगलेश कुमार, अंजनी पांडे, लोकाशीष कुमार, को नदीम और मनीष चंद्र प्रसाद ने प्रशिक्षण में अहम भूमिका निभाई।

प्रशिक्षण दो पालियों में संपन्न हुआ। प्रथम पाली में 1006 कर्मियों (646 माइक्रो ऑब्जर्वर एवं 360 काउंटिंग ऑब्जर्वर), जबकि द्वितीय पाली में 855 कर्मियों (398 काउंटिंग सुपरवाइजर एवं 457 काउंटिंग असिस्टेंट) को प्रशिक्षित किया गया।

प्रशिक्षण में डाक मतपत्रों की गणना, प्रपत्र 13A और लिफाफा-A का मिलान, अवैध मतपत्रों की पहचान, ईवीएम से परिणाम दर्ज करने की प्रक्रिया, ETBPS और VVPAT पर्चियों की गणना जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।
कर्मियों को अनुशासन बनाए रखने, मोबाइल के प्रयोग से बचने और गोपनीयता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

