नई दिल्ली, 11 अक्तूबर (अशोक “अश्क”) बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का नामांकन शुरू हो चुका है, लेकिन एनडीए में सीट शेयरिंग को लेकर खींचतान अब भी जारी है। जब ऐसा लग रहा था कि भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने चिराग पासवान और जीतन राम मांझी को मना लिया है, अब उपेंद्र कुशवाहा ने नया संकट खड़ा कर दिया है।

कुशवाहा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ट्वीट कर स्पष्ट किया, “इधर-उधर की खबरों पर मत जाइए। वार्ता अभी पूरी नहीं हुई है। अगर कोई खबर प्लांट कर रहा है तो यह छल है, धोखा है।”
इस बयान ने उस समय हलचल बढ़ा दी है, जब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने दावा किया था कि एनडीए में सीटों का फॉर्मूला तय हो गया है और शनिवार शाम तक ऐलान हो सकता है।
सूत्रों के अनुसार, जदयू को 101-103, भाजपा को 100-101, लोजपा (रा) को 26-27, हम को 8-10 और रालोसो को 6-7 सीटें मिल सकती हैं।
दिल्ली में एनडीए की एक अहम बैठक बुलाई गई है, जिसमें अंतिम निर्णय की संभावना है। भाजपा के कई विधायक और टिकट के दावेदार दिल्ली में डेरा जमाए हुए हैं।
अब नजरें इस पर टिकी हैं कि एनडीए आखिर कब तक सीट बंटवारे पर अंतिम मुहर लगाता है।

