गोपालगंज, 26 अक्तूबर (निज संवाददाता) सुबे में एनडीए के पक्ष में इस बार लहर चल पड़ी है। एनडीए इस बार बिहार के सभी सीटों पर जीत दर्ज करेगी। इस बार के चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल एवं उनके समर्थक दलों का सफाया हो जाएगा। यह बातें भोजपुरी भाजपा सांसद, सिने अभिनेता व गायक मनोज तिवारी ने रविवार को कही। वे बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र में एनडीए प्रत्याशी मिथिलेश तिवारी के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि इस बार जदयू समर्थित भारतीय जनता पार्टी के हाथों को मजबूत करें। हमारे प्रत्याशी मिथिलेश तिवारी को अपना समर्थन दीजिए। जब मिथिलेश तिवारी यहां से चुनाव जीतकर विधानसभा में जाएंगे तो विकास के लिए आपकी आवाज सदन तक उठाएंगे। दोपहर में सिधवलिया प्रखंड के बरहीमा टोल प्लाजा के समीप हेलीकॉप्टर से पहुंचे मनोज तिवारी ने मिथिलेश तिवारी के पक्ष में रोड शो किया। बरहीमा मोड़ से निकली रोड शो सिंह चौक, लोहिजरा, सिधवलिया होते हुए रेवतिथ बाजार तक पहुंची।

इस दौरान हजारों की संख्या में भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों की मांग पर मिथिलेश तिवारी ने रोड शो के दौरान छठ गीत गाकर भी चुनाव का प्रचार किया। मनोज तिवारी ने प्रत्याशी मिथिलेश तिवारी के पक्ष ने जनता से समर्थन मांगा। इस दौरान युवा अभिनेता मनोज तिवारी की झलक पाने और उनसे हाथ मिलाने के लिए व्याकुल दिखे। हलाकिं उनके पास जो भी गया उससे वे बहुत ही शिद्दत से मुलाकात की। मौके पर प्रत्याशी मिथिलेश तिवारी ने रोड शो में शामिल सभी कार्यकर्ताओं एवं नेताओं के प्रति आभार प्रकट किया उन्होंने आम जनता से एनडीए गठबंधन के पक्ष में मतदान की अपील। रोड शो में सूबे के अनुसूचित जाति जनजाति कल्याण मंत्री जनक चमार,जिलाध्यक्ष संदीप उर्फ मंटू गिरी,मंजीत सिंह,अनुज कुमार सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

