पटना, 13 सितंबर (अशोक “अश्क”) राजधानी पटना सहित पूरे बिहार में मौसम ने करवट ली है। आगामी दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में मेघगर्जन, वज्रपात और भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार राज्य के 22 जिलों में वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है, जबकि कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है।

किशनगंज और अररिया में बहुत भारी वर्षा, वहीं पूर्णिया, सुपौल, जमुई और नवादा के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा को लेकर विशेष चेतावनी दी गई है। अगले चार दिनों तक उत्तर बिहार के अधिकांश क्षेत्रों में भारी वर्षा हो सकती है। हालांकि, मौसम विभाग ने साफ किया है कि अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी विशेष बदलाव की संभावना नहीं है।
शुक्रवार को पटना सहित कई जिलों में उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया। तीखी धूप और नमी युक्त हवाओं के कारण दिनभर असहज स्थिति बनी रही। पटना का अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो बीते 24 घंटों में 5 डिग्री की वृद्धि को दर्शाता है। बेगूसराय में सर्वाधिक तापमान 36.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हुई बारिश ने कुछ राहत जरूर दी है। किशनगंज के तैबपुर में सर्वाधिक 68.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा अन्य जिलों में भी अच्छी बारिश देखने को मिली:
भागलपुर (सुल्तानगंज) – 29 मिमी
खगड़िया (गोगरी) – 53 मिमी
गया (शेरघाटी) – 46 मिमी
मधेपुरा (अलालनगर) – 39 मिमी
सुपौल (परपतगंज) – 35.6 मिमी
पूर्णिया (रूपौली) – 52.4 मिमी
बांका (चंदन) – 24.4 मिमी
मुंगेर और जमुई (सोनू) – 20.4 मिमी
भोजपुर (पीरो) – 24.2 मिमी
मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। आने वाले दिनों में बिजली गिरने की घटनाओं में वृद्धि हो सकती है, इसलिए खेतों या खुले स्थानों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
कुल मिलाकर, बिहार में मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आ रहा है और लोगों को राहत के साथ-साथ सतर्कता बरतने की भी जरूरत है।

