पटना, 4 सितम्बर (अशोक “अश्क) बिहार में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। राजधानी पटना में मंगलवार की रात बारिश के साथ मौसम में बदलाव दर्ज किया गया। दिनभर गर्मी के बाद शाम होते ही कई हिस्सों में तेज बारिश देखने को मिली। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, सितंबर महीने में सामान्य से अधिक वर्षा हो सकती है।

बुधवार को मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए कहा कि अगले तीन घंटे में जमुई, बांका, अररिया, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार और सिवान जिलों के कुछ हिस्सों में तेज बारिश और वज्रपात की आशंका है। इन जिलों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
IMD पटना के अनुसार, अगले 7 दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है।
5 सितंबर (गुरुवार), पश्चिमी और दक्षिण मध्य बिहार के जिलों में मेघगर्जन और तेज हवा चलने की संभावना है। येलो अलर्ट जारी किया गया है।
6 सितंबर (शुक्रवार), चंपारण, सारण, बक्सर, पटना और बेगूसराय समेत कई जिलों में येलो अलर्ट। वज्रपात और मेघगर्जन के आसार।
7 सितंबर (शनिवार), चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर और मधुबनी जिलों में भारी बारिश की चेतावनी। येलो अलर्ट इन क्षेत्रों में प्रभावी रहेगा।
8 सितंबर (रविवार) सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, वैशाली और समस्तीपुर में भी भारी बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों से दूर रहें,सी और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें। साथ ही बिजली गिरने के समय मोबाइल या इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का इस्तेमाल न करें।

