समस्तीपुर, 14 अक्टूबर (निज संवाददाता) आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को मोहनपुर स्थित होली मिशन परिसर में द्वितीय मतदान पदाधिकारियों के लिए गहन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र में चुनावी प्रक्रिया की बारीकियों से पदाधिकारियों को अवगत कराया गया।

प्रशिक्षण का मुख्य फोकस मॉक पोल प्रक्रिया रहा, जिसमें निर्देश दिया गया कि मॉक पोल सुबह 5:30 बजे पोलिंग एजेंटों की उपस्थिति में प्रारंभ किया जाए। यदि 5:45 बजे तक दो एजेंट उपस्थित न हों, तब भी पोलिंग कर्मी मिलकर प्रक्रिया शुरू करें, ताकि मतदान समय पर आरंभ हो सके।
मतदान की पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु ‘फॉर्म 17C’ एवं ‘रजिस्टर 17A’ के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का निरीक्षण नोडल पदाधिकारी विजय कुमार समेत अन्य अधिकारियों ने किया। उन्होंने निर्वाचन आचार संहिता का पालन करते हुए सटीकता से कार्य संपन्न करने का निर्देश दिया। प्रशिक्षण संचालन मनिंद्र कुमार सिन्हा व अन्य प्रशिक्षकों ने किया, जबकि मास्टर ट्रेनर्स ने मतदान प्रक्रिया के हर चरण की विस्तार से जानकारी दी।

