समस्तीपुर, 09 सितम्बर (राजेश झा) आगामी बिहार विधानसभा निर्वाचन 2025 की तैयारी को लेकर आज अनुमंडल सभागार, समस्तीपुर में एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) श्री दिलीप कुमार ने की। बैठक में कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र-131 के सभी सेक्टर पदाधिकारी एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी, कल्याणपुर एवं पूसा समेत विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी भी शामिल हुए। एसडीओ श्री कुमार ने सभी अधिकारियों को निर्वाचन कार्य से जुड़े दायित्वों का निर्वहन पूर्ण पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि चुनावी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सेक्टर पदाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने, संवेदनशील व अति संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखने तथा समय-समय पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
अनुमंडल पदाधिकारी ने यह भी कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय और सहयोग से कार्य करें ताकि चुनावी तैयारियाँ समय पर पूरी हो सकें। उन्होंने शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने के लिए आवश्यक सभी कदम उठाने पर जोर दिया।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने भी निर्वाचन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

