समस्तीपुर, 26 सितम्बर (निज संवाददाता) आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारी के तहत संत कबीर महाविद्यालय, समस्तीपुर में मतदान प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों को सफलतापूर्वक प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण में कुल 2627 मतदान पदाधिकारी शामिल हुए।

प्रशिक्षण दो पालियों में संपन्न हुआ पहली पाली में 1333 और दूसरी पाली में 1304 अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान उन्हें ईवीएम संचालन, मॉक पोल, सीलिंग प्रक्रिया, प्रपत्र 17-सी भरने की विधि तथा अन्य जरूरी चुनावी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
सभी अधिकारियों की जानकारी जांचने के लिए एक परीक्षा भी आयोजित की गई। प्रशिक्षण का संचालन नोडल पदाधिकारी विजय कुमार, डीपीओ प्रेम शंकर झा और सुमित सौरभ ने किया। मुख्य मास्टर ट्रेनर सतीश कुमार यादव के साथ अन्य मास्टर ट्रेनर्स ने भी प्रशिक्षण में अपनी भूमिका निभाई।

सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी अजय कुमार ठाकुर, राजस्व अधिकारी दिलीप कुमार सिंह तथा प्रधान लिपिक संतोष कुमार चौधरी ने प्रशिक्षण कार्य में सहयोग प्रदान किया। प्रशिक्षण का उद्देश्य निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करना है।

