पटना, 16 दिसम्बर (पटना डेस्क) बिहार की सियासत में सोमवार को बड़ा संगठनात्मक बदलाव देखने को मिला। नीतीश सरकार में मंत्री नितिन नबीन को बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद पार्टी ने प्रदेश स्तर पर भी अहम फेरबदल कर दिया है। बीजेपी नेतृत्व ने दरभंगा शहरी से विधायक संजय सरावगी को बिहार प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।

वह अब दिलीप जयसवाल की जगह लेंगे। इस संबंध में राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि संजय सरावगी की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।वैश्य समुदाय से आने वाले संजय सरावगी पार्टी के अनुभवी और जमीनी नेता माने जाते हैं। पिछली सरकार में वे मंत्री भी रह चुके हैं। दरभंगा विधानसभा सीट से वह लगातार छह बार विधायक चुने गए हैं, जो उनकी मजबूत राजनीतिक पकड़ को दर्शाता है। विधानसभा चुनाव 2025 में जीत के बावजूद मंत्री पद न मिलने के बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि पार्टी उन्हें कोई बड़ी संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंप सकती है।संजय सरावगी का राजनीतिक सफर छात्र जीवन से शुरू हुआ। वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े और 1999 में भाजयुमो के जिला मंत्री बने। 2005 में पहली बार विधानसभा पहुंचे और तब से लगातार जीत दर्ज करते आ रहे हैं। उनकी नियुक्ति को संगठन को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

