गोपालगंज, 29 सितम्बर (ऊषा मिश्रा) गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र का बड़ा ही गौरवशाली इतिहास रहा है। इस बार चुनावी संग्राम में पुराने सियासी सूरमाओं में दिलचस्प भिड़ंत होने के आसार हैं। यहां के चुनावी मैदान में ताल ठोकने के लिए कई दिग्गज बेताब हैं। जिनमें वर्तमान विधायक प्रेम शंकर प्रसाद,पूर्व विधायक मिथिलेश तिवारी व मंजीत कुमार सिंह शामिल हैं। जन सुराज से भी कई संभावित उम्मीदवारों के नाम चर्चा में है।स्वतंत्रता संग्राम में अपनी अहम भूमिका निभाने वाले पंडित शिव बच्चन त्रिवेदी यहां से पहली बार विधायक के रूप में निर्वाचित होकर विधानसभा तक पहुंचे थे। वर्तमान में पूर्व विधायक देवदत्त प्रसाद के पुत्र प्रेमशंकर प्रसाद यादव यहां से राजद प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। श्री प्रसाद बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र से पहली बार 1996 में विधायक चुने गए थे।

इस क्षेत्र से शिव बच्चन त्रिवेदी वर्ष 1952 से 1957 तक विधायक रहे। वर्ष 1962 में उन्हें दूसरी बार प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला था। हालांकि बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र से बिहार सरकार के पूर्व मंत्री ब्रजकिशोर नारायण सिंह ने बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र का लगातार 23 वर्षों तक प्रतिनिधित्व किया। वे चार बार विधायक बने। वर्ष 2010 से पहले बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र में आमने-सामने कांटे की टक्कर दो प्रत्याशियों के बीच हमेशा बनी रहती थी। लेकिन, 2010 के बाद बिहार विधानसभा चुनाव में यहां त्रिकोणीय संघर्ष दिखने लगा। 2015 एवं 2020 के चुनाव में त्रिकोणीय संघर्ष में निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी अपना दमखम दिखाया था। यह सीट जिले की राजनीति में अपना अहम स्थान रखता है।

बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र
कुल मतदाता : 2,99,395
पुरुष मतदाता : 1,41,299
महिला मतदाता : 1,58,087
थर्ड जेंडर मतदाता- 09
युवा मतदाता (18-40वर्ष) : 1,80,441
क्षेत्रफल : 754 वर्ग किमी

चौहद्दी :
दक्षिण : सीवान जिले का लकड़ी नवीगंज एवं बसंतपुर प्रखंड
उत्तर : पूर्वी चंपारण जिले का केसरिया एवं खजुरिया प्रखंड
पूरब : सारण जिले का मशरक, पन्नापुर प्रखंड एवं मुजफ्फरपुर जिले का साहेबगंज प्रखंड
पश्चिम : गोपालगंज जिले का सिधवलिया प्रखंड
-इस बार के चुनाव के मुख्य मुद्दे
धनेश्वरनाथ मंदिर, सिंहासनी को नहीं बना पर्यटन स्थल
आधे से अधिक वार्डों में नलजल योजना पड़ी है,ठप
दिघवा दुबौली को नगर परिषद का नहीं मिला दर्जा
नहरों की बदहाली बंद पड़े नलकूप
डिग्री कॉलेज खोलने की मांग नहीं हुई पूरी
पिछले पांच वर्ष में हुए बदलाव
बाढ़ की स्थाई समस्या को लेकर सारण मुख्य तटबंध का किया गया पक्कीकरण
सत्तरघाट एवं बंगरा में गंडक नदी पर मुजफ्फरपुर एवं पूर्वी चंपारण को जोड़ने वाली दो महासेतु का निर्माण
बैकुंठपुर के काशी टेंगराही में आईटीआई कालेज हुआ शुरू
बैकुंठपुर से चमनपुरा में नए पावर सब स्टेशन का निर्माण कार्य शुरू
बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र में 17 नई पंचायत सरकार भवन का कराया गया निर्माण
महम्मदपुर से छपरा जाने वाली स्टेट हाईवे 90 का निर्माण
भगवानपुर,पिपरा,पकहां होते हुए सत्तरघाट महासेतु तक जाने के लिए नए सड़क का निर्माण
मैंने 2020 के चुनाव में वादा किया था कि बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता को बाढ़ की समस्या से निजात दिलाऊंगा। यह वादा मैंने पूरा कर दिखाया है। 5 सालों में करोड़ों की विकास योजनाएं क्षेत्र में पूरा किया गया है। अगली बार भी वादा नहीं करूंगा। जनता ने सेवा का अवसर दिया, तो अधूरे कार्य पूरे करूंगा और विकास की गति को और तेज करूंगा।
प्रेमशंकर प्रसाद यादव,विधायक राजद
विधायक विकास की बातें करते हैं। लेकिन, क्षेत्र में विकास के नाम पर जनता के साथ वादा खिलाफी भी है। गरीबों को दो-दो लाख की सहायता राशि अब तक नहीं मिली। नहरों में पानी नहीं, ट्यूबवेल खराब, डिग्री कॉलेज की स्थापना नहीं, सड़कों का निर्माण अधूरा यही हाल है बैकुंठपुर विधान सभा का। सरकारी जमीन गरीबों को नहीं मिल पाई। क्षेत्र में अपराध चरम पर है।
पूर्व विधायक मिथिलेश तिवारी, भाजपा
अब तक के विधायक
वर्ष विधायक का नाम दल
1952- शिव बच्चन त्रिवेदी -कांग्रेस
1957 – त्रिविक्रमदेव नारायण सिंह- स्वतंत्र पार्टी
1962- शिव बच्चन त्रिवेदी -कांग्रेस
1967- सभापति सिंह- संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी
1969- शिव बच्चन त्रिवेदी – कांग्रेस
1972 – सभापति सिंह- संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी
1977- ब्रजकिशोर नारायण सिंह, समता पार्टी
1980 – ब्रजकिशोर नारायण सिंह – कांग्रेस
1985 ब्रजकिशोर नारायण सिंह- कांग्रेस
1990- ब्रजकिशोर नारायण सिंह- कांग्रेस
1995 – लालबाबू प्रसाद यादव- जनता दल
1996 – देवदत्त प्रसाद- जनता दल
2000 – मंजीत कुमार सिंह, समता पार्टी
2005- देवदत्त प्रसाद- राजद
2010- मंजीत कुमार सिंह- जदयू
2015- मिथिलेश तिवारी- भाजपा
2020- प्रेमशंकर प्रसाद यादव- राजद
2020 में प्राप्त मत
प्रेमशंकर प्रसाद यादव, राजद, 67,807वोट
मिथिलेश तिवारी ,भाजपा माले,56,694 वोट
जीत का अंतर: 11,113 वोट
विधानसभा चुनाव 2015
मिथिलेश तिवारी, भाजपा, 56,162 वोट
मंजीत कुमार सिंह जदयू, 42,047 वोट
जीत का अंतर: 14,115 वोट
2010
मंजीत कुमार सिंह, जदयू,वोट 70,105
देवदत्त प्रसाद, राजद, 33,581 वोट
जीत का अंतर: 36524 वोट

