
नई दिल्ली, 03 जनवरी (अशोक “अश्क”) जैसलमेर के ऐतिहासिक लोंगेवाला में शुक्रवार को ‘बॉर्डर 2’ के पहले गाने ‘घर कब आओगे’ का भव्य लॉन्च हुआ। इस मौके पर सनी देओल, वरुण धवन और अहान शेट्टी के साथ देश के जवान भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान माहौल तब भावुक हो गया, जब सनी देओल ने अपने पिता धर्मेंद्र को याद करते हुए ‘बॉर्डर’ फिल्म के पीछे की प्रेरणा साझा की।

सनी ने कहा कि उन्होंने अपने पिता की फिल्म ‘हकीकत’ देखकर तय कर लिया था कि वह भी वैसी ही देशभक्ति से जुड़ी फिल्म करेंगे। अभिनेता ने बताया कि जेपी दत्ता के साथ मिलकर लोंगेवाला युद्ध की कहानी को पर्दे पर लाने का फैसला किया गया। सनी के मुताबिक, उन्हें अंदाजा नहीं था कि ‘बॉर्डर’ युवाओं को इतना प्रेरित करेगी कि कई लोग फिल्म देखकर सेना में भर्ती होने का फैसला करेंगे।

गौरतलब है कि ‘घर कब आओगे’ गाना ‘संदेशे आते हैं’ का नया संस्करण है। 1997 में रिलीज हुई ‘बॉर्डर’ बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर रही थी और अब उसके सीक्वल का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है।

