बक्सर, 30 अक्तूबर (विक्रांत) ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र (199) में आज सामान्य प्रेक्षक आइएएस प्रभजोत सिंह ने निर्वाचन की विभिन्न प्रक्रियाओं का निरीक्षण किया। सबसे पहले उन्होंने बी.एन. उच्च विद्यालय में चल रहे ईवीएम और वीवीपैट कमीशनिंग कार्य का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण निर्देश दिए और सभी कर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इसके बाद प्रेक्षक ने काट पंचायत में होम वोटिंग प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं को प्रदान की जा रही सुविधाओं की सराहना की और मतदान की गोपनीयता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त प्रेक्षक श्री सिंह ने महराजगंज नाका का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात दंडाधिकारी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर उन्होंने संबंधित पदाधिकारी से कारण-पृच्छा (Show Cause) जारी करने का आदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रेक्षक ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ाई से चेतावनी दी कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और नियमों का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता हो।

