
बक्सर, 15 जनवरी( विक्रांत) डुमरांव नगर के जंगली शिव मंदिर रोड स्थित उमा विद्यालयम में मकर संक्रांति के पावन अवसर पर एक विशेष पूजा एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन कर अकादमिक सत्र 2026-27 हेतु प्री-नर्सरी से कक्षा 6 तक के छात्रों के प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ की गई।कार्यक्रम की शुरुआत संस्थापक सचिव मनोज कुमार सिंह उर्फ राज सिंह के अलावा कर्नल कृष्ण मोहन राय, विधायक राहुल कुमार सिंह, प्राचार्या मधुमिता मालाकार द्वारा मां सरस्वती की तैल्य चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई ।

विद्यालय की संगीत शिक्षिका अनन्या चटर्जी द्वारा सरस्वती वंदना एवं गणेश वंदना प्रस्तुत की गई, जिसके पश्चात वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई। मौके पर आयोजित समारोह को विधायक राहुल कुमार सिंह ने संबोधित कर कहा कि वर्तमान काम काजी सरकार शिक्षा के साथ रोजगार पर विशेष ध्यान दे रही है. व्यक्ति के जीवन में शिक्षा का सबसे अधिक महत्व है.प्राचार्या मधुमिता एम. ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि उमा विद्यालयम सीबीएसई, दिल्ली से सम्बद्धता प्राप्त करने की प्रक्रिया में है।

साथ ही उन्होंने विद्यालय की अनूठी शैक्षणिक योजना के बारे में जानकारी देते हुए कहा, “नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप प्रशिक्षित शिक्षकों का चयन किया है। हमारा पाठ्यक्रम STEM, कोडिंग, रोबोटिक्स के साथ-साथ जर्मन और फ्रेंच जैसी विदेशी भाषाओं को समेटे हुए है।”श्री रामकृष्ण परमहंस श्री राम प्रताप सिंह फाउंडेशन के तत्वावधान में संचालित इस विद्यालय का उद्देश्य परंपरा और आधुनिकता का सामंजस्य स्थापित करते हुए वैश्विक नागरिक तैयार करना है।संस्थापक सचिव मनोज कुमार सिंह उर्फ़ राज सिंह ने कहा, “उमा विद्यालयम हमारा सामाजिक संकल्प है जो गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सभी के लिए सुलभ बनाएगी।”

संस्थापक कोषाध्यक्ष निशा सिंह ने इसे “भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयारी का प्रकाश स्तंभ” बताया। इस मौके पर पूर्व डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय, बक्सर के पूर्व विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी, डा अवधेश सिंह, कार्यकारी चेयरमैन विकास कुमार, विद्यालय प्रबंधन समिति सदस्य अनन्या चट्टर्जी, पत्रकार रवि रंजन सिंह, कालेज शिक्षक अजीत कुमार सिंह, पप्पू पांडेय, राजीव प्रताप सिंह उर्फ राजू सिंह सहित कई शिक्षा विद उपस्थिति थे. स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों द्वारा मनोज प्रताप सिंह उर्फ राज सिंह द्वारा शिक्षा रूपी मंदिर की स्थापना पर उनके प्रति साधु वाद व्यक्त की गई.मंच संचालन सिमरन मुखिया ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय की छात्र परामर्शदाता पूनम राय द्वारा किया गया। यह शुभारंभ उमा विद्यालयम द्वारा डुमरांव क्षेत्र में शैक्षणिक क्रांति लाने के संकल्प का प्रतीक बना।

