
नई दिल्ली, 22 फरवरी (अशोक “अश्क”) देश के प्रमुख उद्योगपति और Adani Group के चेयरमैन गौतम अदाणी रविवार दोपहर भागलपुर जिले के पीरपैंती पहुंचे, जहां उन्होंने निर्माणाधीन थर्मल पावर परियोजना का स्थल निरीक्षण किया। उनका यह दौरा बिहार में औद्योगिक विकास की दिशा में बड़ा संकेत माना जा रहा है।

पीरपैंती प्रखंड के सिरमतपुर समेत करीब 479 हेक्टेयर क्षेत्र में बन रहा यह 2400 मेगावाट क्षमता का अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल पावर प्लांट राज्य की ऊर्जा संरचना को नई मजबूती देगा। गंगा नदी के उत्तरी तट, दक्षिण में नेशनल हाईवे और नजदीकी पीरपैंती रेलवे स्टेशन के कारण यह परियोजना लॉजिस्टिक दृष्टि से बेहद रणनीतिक मानी जा रही है।दौरे के दौरान अदाणी ने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता जताई।

फिलहाल चहारदीवारी निर्माण और भूमि समतलीकरण का कार्य जारी है। लक्ष्य है कि अगले पांच वर्षों में यह मेगा प्रोजेक्ट पूरी तरह तैयार हो जाए।करीब 30 हजार करोड़ रुपये के निवेश वाली इस परियोजना को बिहार में दशकों का सबसे बड़ा औद्योगिक निवेश बताया जा रहा है। निर्माण के दौरान 10 से 12 हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है, जबकि संचालन शुरू होने पर लगभग 3000 स्थायी नौकरियां सृजित होंगी। ऊर्जा विशेषज्ञों के अनुसार, यह परियोजना क्षेत्रीय विकास की नई इबारत लिखेगी।

