नई दिल्ली, 22 अक्तूबर (अशोक “अश्क”) भारत की वनडे में लगातार आठ जीत का सिलसिला ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले मुकाबले में सात विकेट की हार के साथ टूट गया। यह मैच कप्तान शुभमन गिल के नेतृत्व में उनका पहला था, लेकिन नतीजा टीम के पक्ष में नहीं गया। वहीं, रोहित शर्मा और विराट कोहली की 7 महीने बाद वनडे में वापसी भी प्रभावशाली नहीं रही, दोनों ही बल्लेबाज़ बुरी तरह नाकाम रहे।

अब भारत की नजर गुरुवार को एडिलेड ओवल में होने वाले दूसरे वनडे पर है, जहां टीम हर हाल में वापसी करना चाहेगी। इस मुकाबले के लिए भारतीय टीम में कुछ बदलाव की संभावना जताई जा रही है।
कुलदीप यादव की एंट्री तय मानी जा रही है, जिन्हें पहले मैच में बेंच पर बैठाया गया था। वह एशिया कप 2025 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ रहे और अब तक 113 वनडे में 181 विकेट झटक चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया के बड़े मैदानों पर उनकी स्पिन बल्लेबाज़ों को परेशानी में डाल सकती है।
तेज गेंदबाज़ी विभाग में हर्षित राणा की जगह प्रसिद्ध कृष्णा को मौका मिल सकता है। हर्षित पहले मैच में असर नहीं दिखा सके। प्रसिद्ध की गति (145+ किमी/घंटा) और लंबाई उन्हें ऑस्ट्रेलियाई पिच पर फायदा दिला सकती है। उन्होंने 17 वनडे में अब तक 29 विकेट लिए हैं।
संभावित प्लेइंग इलेवन में गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश रेड्डी, अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर जैसे ऑलराउंडर शामिल रहेंगे। गेंदबाज़ी में मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा की तिकड़ी हो सकती है।
भारतीय टीम अब जीत के रास्ते पर लौटने को बेताब है और एडिलेड में होने वाला मुकाबला सीरीज की दिशा तय कर सकता है।

