नई दिल्ली, 23 अक्तूबर (अशोक “अश्क”) बॉलीवुड में कई सुपरहिट फिल्मों ने इतिहास रचा, लेकिन भारत की पहली 100 करोड़ रुपये कमाने वाली फिल्म का खिताब 1982 में रिलीज हुई ‘डिस्को डांसर’ को मिला। बी. सुभाष के निर्देशन में बनी यह डांस-एक्शन फिल्म 10 दिसंबर 1982 को रिलीज हुई थी। महज दो करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने उस दौर में दुनियाभर में 100 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की—जब सिनेमा टिकट की कीमत कुछ रुपये ही हुआ करती थी।

‘डिस्को डांसर’ ने मिथुन चक्रवर्ती को रातोंरात सुपरस्टार बना दिया। उनके डांस मूव्स, स्टाइलिश लुक और बेहतरीन अभिनय ने दर्शकों को दीवाना बना दिया था। फिल्म में किम लीड रोल में थीं, जबकि ओम पुरी, गीता सिद्धार्थ और करण राजदान ने सपोर्टिंग किरदार निभाए थे।
फिल्म के संगीत ने इसे अमर बना दिया। बप्पी लहरी के जोशीले म्यूजिक और अनजान व फारूक कैसर के लिखे गीतों ने दुनिया भर में डिस्को फीवर पैदा कर दिया। ‘आई एम ए डिस्को डांसर’, ‘जिम्मी जिम्मी आजा आजा’, ‘याद आ रहा है’ और ‘गोरो की ना कालो की’ जैसे गाने आज भी लोगों की जुबान पर हैं।
इस फिल्म ने उस दौर के “एंग्री यंग मैन” कल्चर को तोड़ते हुए बॉलीवुड में एक नया ट्रेंड शुरू किया। मिथुन का किरदार दुश्मनों से लड़ाई नहीं, बल्कि डांस के जरिए जीत हासिल करता है, जो दर्शकों के लिए एक नई कहानी थी। सीडिस्को डांसर’ का क्रेज इतना था कि इसके गाने सोवियत यूनियन से लेकर भारत के छोटे कस्बों तक गूंजते थे।
इसकी लोकप्रियता के चलते फिल्म का तमिल रीमेक ‘पादुम वानम्पाड़ी’ और तेलुगु में ‘डिस्को किंग’ नाम से रीमेक बनाए गए। सीडिस्को डांसर’ ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचा, बल्कि भारतीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाई।

