
गोपालगंज, 27 जनवरी (निज संवाददाता) बसंत पंचमी के पूर्व संध्या पर जिला प्रशासन,के मार्गदर्शन में अंबेडकर भवन में मंचित ऐतिहासिक नाटक “भीष्म : एक योद्धा (भूतों न भविष्यति)” में दानवीर कर्ण की भूमिका को सजीव और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने वाले वरिष्ठ रंगकर्मी कुंज बिहारी श्रीवास्तव को जिला प्रशासन द्वारा सोमवार की शाम सम्मानित किया गया।

डीएम पवन कुमार सिन्हा ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में कुंज बिहारी श्रीवास्तव को उनके उत्कृष्ट, सशक्त एवं भावप्रवण अभिनय के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।डीएम ने कहा-“ऐसे कलाकार समाज की सांस्कृतिक चेतना को जीवंत रखते हैं। ऐतिहासिक एवं पौराणिक पात्रों को मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना सरल नहीं होता,किंतु कुंज बिहारी श्रीवास्तव ने अपने अभिनय से दर्शकों के मन पर गहरी छाप छोड़ी है।

”सम्मान प्राप्त करने के उपरांत कुंज बिहारी श्रीवास्तव ने इसे अपने जीवन का अत्यंत भावुक क्षण बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि उनके पूज्य पिता स्वर्गीय विपिन बिहारी श्रीवास्तव, जो स्वयं एक सुप्रसिद्ध रंगकर्मी थे, की रंगमंचीय विरासत और संस्कारों को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि पिताजी से प्राप्त कला-साधना, अनुशासन और रंगमंच के प्रति समर्पण ही उनके अभिनय की मूल प्रेरणा है।उल्लेखनीय है कि नाटक “भीष्म : एक योद्धा (भूतों न भविष्यति)” ने अपने सशक्त कथ्य, प्रभावशाली संवाद और सधी हुई मंच प्रस्तुति के माध्यम से दर्शकों को भावविभोर कर दिया। नाटक में दानवीर कर्ण की भूमिका विशेष रूप से सराही गई। कला,संस्कृति और रंगमंच के क्षेत्र में मिला यह सम्मान न केवल गोपालगंज जिले के लिए गौरव का विषय है, बल्कि नवोदित और युवा कलाकारों के लिए भी प्रेरणास्रोत साबित होगा।

