नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (अशोक “अश्क”) बिहार विधानसभा चुनाव के बीच भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में भी सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। जहां अभिनेता खेसारी लाल यादव आरजेडी (RJD) के टिकट पर छपरा सीट से मैदान में हैं, वहीं चुनावी दौड़ में उनके खिलाफ बयानबाजी और विवाद भी बढ़ते जा रहे हैं। अब उनकी एक्स-गर्लफ्रेंड और मशहूर भोजपुरी एक्ट्रेस काजल राघवानी का एक इंटरव्यू सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसने राजनीतिक और फिल्मी गलियारों में हलचल मचा दी है।

काजल राघवानी ने इंटरव्यू में खेसारी लाल यादव और उनकी पत्नी चंदा के रिश्ते को लेकर कई चौंकाने वाले दावे किए। उन्होंने कहा, “खेसारी की पत्नी अपने सास-ससुर की इज्जत नहीं करतीं और उन्हें घर में नहीं रखना चाहतीं।” काजल के मुताबिक, खेसारी ने उनसे कहा था कि “तुम अपने सास-ससुर की सेवा करना, हम लोग घर लेंगे और साथ रहेंगे।”
जब काजल से पूछा गया कि उन्होंने खेसारी से यह सवाल क्यों नहीं किया कि मंच पर वह पत्नी और बच्चों की तारीफ क्यों करते हैं, तो उन्होंने जवाब दिया, “पहले वो अपनी पत्नी की तारीफ नहीं करते थे, अब इसलिए करते हैं क्योंकि दूसरे एक्टर को टारगेट करना चाहते हैं और उन्हें नीचा दिखाना चाहते हैं।”
गौरतलब है कि काजल राघवानी और खेसारी लाल यादव ने कई भोजपुरी फिल्मों में साथ काम किया है और दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। दोनों के बीच करीबी रिश्ते की चर्चाएं लंबे समय तक चलती रहीं, लेकिन बाद में उनका ब्रेकअप हो गया और कई सालों तक दोनों के बीच बातचीत तक नहीं हुई।
अब, चुनावी मौसम में काजल के ये बयान खेसारी के लिए नई मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं। पवन सिंह के समर्थक काजल के पक्ष में उतर आए हैं और सोशल मीडिया पर खेसारी के खिलाफ मुहिम छेड़ दी है।
काजल के मुताबिक, खेसारी “पवन सिंह की इमेज खराब करने के लिए पत्नी संग प्यार का दिखावा” कर रहे हैं। हालांकि, उनके दावों की सच्चाई पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

