
समस्तीपुर, 21 जनवरी (समस्तीपुर डेस्क) मकर संक्रांति के पावन अवसर पर समस्तीपुर स्थित सुधा डेयरी परिसर में भव्य चुड़ा-दही भोज एवं मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में संघ कर्मियों के बीच उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। समारोह के दौरान खेल और मनोरंजन के कई कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

खेल प्रतियोगिताओं का विधिवत उद्घाटन माननीय जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर मिथिला दुग्ध संघ के अध्यक्ष उमेश राय, प्रबंध निदेशक आर.के. झा और निदेशक मंडल के सदस्य मौजूद रहे। संघ ने इस वर्ष मकर संक्रांति पर दही 9 लाख 41 हजार किलो और तरल दूध 21 लाख लीटर की बिक्री कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है, जिसे लेकर समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में रस्साकस्सी, दही खाओ प्रतियोगिता और म्यूजिकल चेयर जैसे खेल हुए। विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। समारोह में बैंक शाखा प्रबंधक, मीडिया प्रतिनिधि और गणमान्य लोग शामिल हुए और भोज का आनंद लिया।

