
मधुबनी, 17 फरवरी (आशीष कुमार) बिहार के मधुबनी में जाली नोटों के नेटवर्क पर पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसा है। गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त कार्रवाई करते हुए बासोपट्टी थाना और नगर थाना पुलिस ने कुख्यात आरोपी अब्दुल इनाम उर्फ लादेन को धर दबोचा। गिरफ्तारी नगर थाना क्षेत्र के कोतवाली चौक मोहल्ले से की गई, जहां वह लंबे समय से छिपकर रह रहा था।बासोपट्टी थाना अध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि कांड संख्या 42/25 में दर्ज मामले के अप्राथमिकी अभियुक्त अब्दुल इनाम की तलाश कई दिनों से की जा रही थी।

पुलिस के अनुसार वह जाली नोटों के कारोबार में लंबे समय से सक्रिय था और उसका आपराधिक इतिहास भी रहा है। इस मामले में यह पुलिस की चौथी बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा भी सामने आया है। पुलिस का दावा है कि अब्दुल इनाम पर पाकिस्तानी नागरिक मोहम्मद मस्तान को भगाने का आरोप है। मस्तान नेपाल के रास्ते भारत आया था और जाली नोटों के धंधे में शामिल था। कार्रवाई की भनक लगते ही वह फिर नेपाल के रास्ते फरार हो गया।भारत-नेपाल खुली सीमा का फायदा उठाकर तस्करों के सक्रिय होने की बात भी सामने आई है।

जाली नोटों के साथ अन्य अवैध कारोबार के तार भी सीमा पार से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का मानना है कि इनाम की गिरफ्तारी से नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है, लेकिन फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तक अभियान जारी रहेगा।

