समस्तीपुर, 15 नवम्बर (समस्तीपुर डेस्क) समस्तीपुर प्रखंड के मध्य विद्यालय बेला पंचरुखी में प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार की अध्यक्षता में इको क्लब की बैठक और चेतना सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरणीय शिक्षा के माध्यम से बच्चों में जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता, नेतृत्व कौशल और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भाव पैदा करना था।

इस अवसर पर कक्षा 6 से 8 तक के छात्रों के बीच चित्रकला, भाषण और निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। विजेताओं को विद्यालय एवं प्रिज्म के सहयोग से पुरस्कार स्वरूप वाटर बोतल, ग्लोब, दीवार घड़ी और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। निबंध प्रतियोगिता में अमृत सृष्टि, राजा कुमार और विधांशु विकास क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहे। भाषण प्रतियोगिता में स्नेहा कुमारी, आयुषी कुमारी और शालिनी कुमारी तथा चित्रकला प्रतियोगिता में सुप्रिया रानी, अभिनंदन कुमार और साक्षी कुमारी ने क्रमशः शीर्ष स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ बालिकाओं द्वारा स्वागत गीत से हुआ। शिक्षक शिव शंकर प्रसाद, किरण कुमारी, शबनम कुमारी, बीवी शकीला रहमान और यशवंत चौधरी ने बाल दिवस के प्रणेता पंडित जवाहरलाल नेहरू के व्यक्तित्व व योगदान पर प्रकाश डाला और बच्चों को बाल दिवस के महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक विनय सिंह ने सफलतापूर्वक किया। मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक और छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।

