समस्तीपुर, 22 नवंबर (राजेश झा) समस्तीपुर प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय बेला पंचरुखी में मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के तहत सुरक्षित शनिवार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार ने किया। इस दौरान नोडल शिक्षिका बी.वी. शकीला रहमान ने ठंड के प्रभाव, उससे बचाव के उपायों और अन्य संभावित आपदाओं के प्रति छात्रों को जागरूक किया।

कार्यक्रम में शिक्षक विमल कुमार साह ने छात्रों को विभिन्न व्यायाम कराए और विद्यालय परिसर में आनंददायक वातावरण का निर्माण किया। वहीं शिक्षिका विभा कुमारी ने सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया, जिससे बच्चों की बौद्धिक क्षमता के विकास को प्रोत्साहन मिला।
इस अवसर पर उ.वि.के. प्राचार्य महिपाल, शिक्षक यशवंत चौधरी, अनंत कुमार यादव, विनय कुमार और इंदिरा कुमारी सहित अन्य शिक्षकों ने कार्यक्रम की गतिविधियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम की विशेष आकर्षण बाल संसद, मीना मंच, इको क्लब और यूथ क्लब के बच्चों की प्रस्तुतियां रहीं। प्रधानमंत्री शालिनी कुमारी के नेतृत्व में बच्चों ने जागरूकता से जुड़े कई रोचक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभा को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यालय परिसर में आयोजित यह गतिविधि बच्चों में सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुई।

