नई दिल्ली, 4अक्तूबर (अशोक “अश्क”) क्रिकेट प्रेमियों के लिए रविवार, 5 अक्टूबर एक खास दिन होगा। भारत और पाकिस्तान की महिला टीमें महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में आमने-सामने होंगी। यह बहुप्रतीक्षित मुकाबला श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में दोपहर 3 बजे से खेला जाएगा। जहां पुरुष क्रिकेट में भारत की पाकिस्तान पर हालिया वर्चस्व की चर्चा हर जुबां पर है, वहीं महिला क्रिकेट में भी भारत का रिकॉर्ड कहीं ज्यादा दमदार और एकतरफा है।

अब तक भारत और पाकिस्तान की महिला टीमें वनडे फॉर्मेट में कुल 11 बार आमने-सामने हुई हैं और हर बार भारत ने बाज़ी मारी है। चाहे वह 2005 का कराची का मुकाबला हो या 2022 में माउंट माउंगानुई का, भारतीय महिला टीम ने हर बार पाकिस्तान को बुरी तरह शिकस्त दी है।
साल 2005 में खेले गए पहले मुकाबले में भारत ने 193 रनों से पाकिस्तान को हराया था। उस मैच में भारतीय टीम ने 289/2 का विशाल स्कोर खड़ा किया था और पाकिस्तान की टीम सिर्फ 96 रन पर ढेर हो गई थी।
भारत की पिछली जीतें (वनडे में):
6 मार्च 2022: भारत ने पाकिस्तान को 107 रन से हराया (माउंट माउंगानुई)
2 जुलाई 2017: भारत ने 95 रन से जीत दर्ज की (डर्बी)
19 फरवरी 2017: भारत ने 7 विकेट से हराया (कोलंबो)
7 फरवरी 2013: 6 विकेट से जीत (कटक)
7 मार्च 2009: 10 विकेट से जीत (बोवरल)
9 मई 2008: 207 रन से जीत (डांबुला)
5 मई 2008: 182 रन से जीत (कुरुनेगाला)
19 दिसंबर 2006: 103 रन से जीत (जयपुर)
13 दिसंबर 2006: 80 रन से जीत (जयपुर)
2 जनवरी 2006: 10 विकेट से जीत (कराची)
30 दिसंबर 2005: 193 रन से जीत (कराची)
भारतीय टीम की अगुवाई हरमनप्रीत कौर कर रही हैं, जबकि उपकप्तान स्मृति मंधाना हैं। टीम में जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष, रेणुका सिंह, दीप्ति शर्मा और स्नेह राणा जैसे अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं पाकिस्तान टीम की कप्तानी फातिमा सना कर रही हैं और उपकप्तान हैं मुनीबा अली सिद्दीकी।
भारतीय पुरुष टीम की तरह महिला टीम से भी फैंस को उम्मीद है कि इस बार भी पाकिस्तान को शिकस्त देकर वर्ल्ड कप अभियान को मजबूती देगी। आंकड़े, आत्मविश्वास और इतिहास भारत के पक्ष में हैं। अब देखना ये है कि क्या मैदान में भी ‘म्हारी छोरियां’ फिर से इतिहास दोहराएंगी?

