
नई दिल्ली, 17 जनवरी (दिल्ली डेस्क) भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में शुक्रवार को एक और ऐतिहासिक कदम उठाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के मालदा में 3,250 करोड़ रुपये की रेल व सड़क बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करते हुए देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल की पवित्र धरती से रेलवे के नए युग की शुरुआत हो रही है।प्रधानमंत्री ने कहा कि आज मालदा से पश्चिम बंगाल की प्रगति को नई गति मिली है।

नई रेल सेवाओं से आम लोगों की यात्रा आसान होगी और व्यापार को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन लंबी दूरी की यात्रा को आरामदायक, सुरक्षित और शानदार बनाएगी। यह ट्रेन ‘मेड इन इंडिया’ है और भारतीय इंजीनियरिंग क्षमता का प्रतीक है।मोदी ने बताया कि देशभर में अब 150 से अधिक वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं। बंगाल को चार नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें मिलने से उत्तर बंगाल का संपर्क दक्षिण और पश्चिम भारत से और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि इससे तीर्थयात्रा, पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।प्रधानमंत्री ने यह भी रेखांकित किया कि भारतीय रेलवे तेजी से विद्युतीकरण, स्टेशन आधुनिकीकरण और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है।

आज भारत न केवल आधुनिक रेल इंजन और कोच बना रहा है, बल्कि उनका निर्यात भी कर रहा है।कार्यक्रम में राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे। मोदी ने कहा कि भारत को जोड़ना सरकार की प्राथमिकता और दूरियों को कम करना उसका मिशन है।

