समस्तीपुर, 10 सितम्बर (मोहम्मद जमशेद) समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर प्रखंड में रामलीला चौक मालीनगर से सैदपुर तक मुख्य सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। सड़क की ढलाई के कुछ घंटों बाद ही कई जगहों पर दरारें दिखाई दीं। स्थानीय लोगों ने घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग का आरोप लगाते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया है।

यह मार्ग हजारों लोगों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। वर्षों से जर्जर इस सड़क का निर्माण अभी शुरू ही हुआ था। कुछ स्थानीय बुद्धिजीवी सड़क के बेहतर निर्माण के लिए प्रयासरत थे। लेकिन निर्माण में अनियमितता की शिकायतें सामने आ गई हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क निर्माण में उचित सामग्री का उपयोग नहीं किया जा रहा है। अभी तक कुछ हिस्से में ही निर्माण हुआ है, लेकिन दरारें आने से लोगों को आशंका है कि सड़क जल्द ही क्षतिग्रस्त हो जाएगी। कनीय अभियंता अनिल कुमार ने कहा कि सड़क में कुछ दरारें आने की सूचना मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इसे ठीक करा दिया जाएगा। उनके अनुसार, ढलाई से पहले पन्नी बिछाने के समय पानी की कमी के कारण यह समस्या आई है। उन्होंने दावा किया कि सड़क का निर्माण संतोषजनक ढंग से चल रहा है।

