समस्तीपुर, 05 दिसम्बर (राजेश झा) ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा द्वारा आयोजित अन्तर-महाविद्यालय महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता – 2025–26 का आज वीमेंस कॉलेज, समस्तीपुर में भव्य समापन हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता में प्रतिभागी टीमों ने खेल कौशल और उत्साह का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

फाइनल मैच में एसबीएसएस कॉलेज, बेगूसराय ने शानदार खेल दिखाते हुए एमएलएसएम कॉलेज, दरभंगा को 25-17, 25-7 से हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा किया। प्रतियोगिता में एमआरएम, दरभंगा और वीमेंस कॉलेज, समस्तीपुर की टीमों ने भी भाग लिया और आयोजन को और अधिक रोमांचक बनाया।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व प्राचार्या प्रो. कल्याणी सिंह रहीं, जिन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया। उन्होंने छात्राओं को खेलों के माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के महत्व पर प्रकाश डाला।

प्रभारी प्रधानाचार्य प्रो. अरुण कुमार कर्ण ने आयोजन समिति, कोचों और निर्णायकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि महाविद्यालय छात्राओं को खेल एवं सह-शैक्षिक गतिविधियों में आगे बढ़ाने के लिए सतत प्रयासरत है।
विजेताओं को ट्रॉफी, प्रमाणपत्र और मेडल प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विजय कुमार गुप्ता ने किया और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. संगीता ने प्रस्तुत किया। मौके पर डॉ. बीगन राम, डॉ. सोनी सलोनी, डॉ. नेहा कुमारी जायसवाल, डॉ. मधुलिका मिश्रा, डॉ. रिंकी कुमारी सहित कई गणमान्य शिक्षक और अधिकारी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता ने खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ छात्राओं में उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को और प्रोत्साहित किया।

