
समस्तीपुर, 22 फरवरी (समस्तीपुर डेस्क) जिले में वर्षों से बंद पड़ी ऐतिहासिक चीनी मिल को पुनः चालू करने की मांग को लेकर रविवार को जबरदस्त जनआक्रोश देखने को मिला। जिला विकास मंच के बैनर तले निकाले गए नागरिक मार्च ने शहर की सियासत को गरमा दिया।

सरकारी बस स्टैंड से सैकड़ों कार्यकर्ता “बंद समस्तीपुर चीनी मिल को चालू करो” के गगनभेदी नारे लगाते हुए मुख्यालय होते हुए ओवरब्रिज मार्ग से चीनी मिल चौक पहुंचे, जहां मार्च सभा में तब्दील हो गया। सभा की अध्यक्षता मंच के संयोजक शत्रुघ्न राय पंजी ने की।

वरिष्ठ सदस्य सह सेवानिवृत्त शिक्षक शंकर साह ने कहा कि 1917 में अंग्रेजों द्वारा स्थापित यह मिल हजारों परिवारों की आजीविका का आधार थी, जिसे 1995 में बंद कर दिया गया। आज भी यहां पर्याप्त जमीन, रेल व विद्युत सुविधा तथा श्रमिक उपलब्ध हैं, ऐसे में सरकार कम लागत में मिल चालू कर सकती है।राजद नेता राकेश ठाकुर और भाकपा माले के सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने सभी दलों, संगठनों और युवाओं से आंदोलन तेज करने का आह्वान किया। सभा में कई सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

