समस्तीपुर, 29 सितंबर (राजेश झा) सोमवार को समस्तीपुर के जिला सभागार में जिला पदाधिकारी एवं आरक्षी अधीक्षक की अध्यक्षता में जिले के सभी बैंकों के जिला समन्वयक पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत जीविका दीदीयों को मिलने वाली राशि के पारदर्शी और सुनिश्चित उपयोग के लिए दिशा-निर्देश जारी करना था।

बैठक में सख्त निर्देश दिए गए कि योजना के अंतर्गत मिली राशि का उपयोग किसी भी हाल में पूर्ववर्ती ऋण चुकाने के लिए नहीं किया जाएगा। यह राशि जीविका समूह की दीदियों के स्वरोजगार या नया व्यवसाय शुरू करने के लिए निर्धारित है।
साथ ही, किसी भी महाजन, साहूकार या माइक्रोफाइनेंस कंपनी को इस राशि पर दावा करने की अनुमति नहीं होगी। यदि नियमों का उल्लंघन पाया गया तो प्रशासन सख्त कानूनी कार्रवाई करेगा।
बैठक में जिला एवं अनुमंडल अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, अग्रणी बैंक प्रबंधक एवं जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक उपस्थित थे। सभी बैंक पदाधिकारियों को लाभुकों को निर्देशों की जानकारी देने और फील्ड स्तर पर निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

