पटना, 08 दिसम्बर (पटना डेस्क) मुज़फ्फरपुर के रामपुरहरी थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह बेखौफ अपराधियों ने बाइक सवार RJD युवा मोर्चा अध्यक्ष मंटू साह (35) की गोलियों से हत्या कर सनसनी फैला दी। धर्मपुर चौक के पास सीने में तीन गोली मारने से मंटू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया।

ग्रामीणों ने चार घंटे तक शव उठाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस के समझाने पर स्थिति नियंत्रित हो सकी। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए हैं। हत्या की वजह को लेकर कई संदेह सामने आ रहे हैं। मृतक के पिता ब्रह्मदेव साह ने बताया कि मंटू का दोस्त रमेश राय सुबह उसे घर से अपने साथ ले गया था। परिवार को शक है कि उसी ने पूरी साजिश रची। रमेश हाल ही में शराब केस में जेल से जमानत पर बाहर आया था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अस्तलाकपुर गांव में दो बाइक सवार युवकों ने घेरकर मंटू से हाथापाई की और फिर करीब से गोली मार दी। मौके पर पहुंची पुलिस CCTV खंगाल रही है। FSL टीम और DSP पूर्वी अजय वत्स ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। हत्या के पीछे कर्ज विवाद की आशंका जताई जा रही है।

