समस्तीपुर, 12 सितम्बर (राजेश झा) रोसड़ा थाना क्षेत्र के हिरमिया निवासी जगदीश प्रसाद सिंह के पुत्र श्याम बिहारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। बीते मंगलवार की सुबह अंगार घाट थाना क्षेत्र स्थित बूढ़ी गंडक नदी किनारे से उसका सिरकटा शव बरामद किया गया था। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

श्याम बिहारी हाल ही में काम की तलाश में घर से निकले थे। उनकी शादी महज एक साल पहले ही हुई थी और कुछ दिन पहले ही उन्होंने अपनी शादी की सालगिरह मनाई थी। परिवार को उम्मीदों के सहारे छोड़े गए बेटे का शव मिलने से गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है।
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बुधवार को सड़क जाम कर कार्रवाई की मांग की थी। परिजनों का कहना है कि जब तक दोषियों को कड़ी सजा नहीं मिलेगी, वे चैन से नहीं बैठेंगे।
शुक्रवार को रोसड़ा विधायक बीरेंद्र कुमार मृतक मजदूर के परिजनों से मिलने पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी और घटना की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया। विधायक ने कहा कि वे मामले को लेकर वरीय अधिकारियों से लगातार संपर्क में हैं और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
विधायक के आगमन पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद थे। ग्रामीणों ने भी इस घटना पर गहरी नाराजगी जताई और प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

