पटना, 02 दिसम्बर (पटना डेस्क) फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के रानीपुर स्थित अलवा कॉलोनी के एक मैरिज हॉल में सोमवार देर रात ऐसा हाई-वोल्टेज ड्रामा हुआ कि मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। सहरसा से पहुंची 28 वर्षीय रिजवाना खातून ने दावा किया कि उसका पति फारूक अब्दुल्ला (38) चोरी-छिपे दूसरी शादी कर रहा है। रिजवाना की मानें तो 2019 में दोनों ने लव मैरिज की थी और वह अब तक उसे 15 लाख रुपये दे चुकी है।

रिजवाना का आरोप है कि फारूक पिछले कई महीनों से उससे बात करना बंद कर चुका था और सोमवार को उसे खबर मिली कि वह पटना में दूसरी शादी रचाने वाला है। खबर मिलते ही वह सहरसा से पटना पहुंची और मैरिज हॉल में घुसकर घंटों हंगामा किया। मौके पर पहुंचीं पटना महिला कोषांग की कोऑर्डिनेटर शिल्पी कुमारी ने काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन इसके बावजूद फारूक ने देर रात दूसरी शादी कर ली।शिल्पी कुमारी ने पुष्टि की कि रिजवाना और फारूक का मामला पहले से कोर्ट में चल रहा है। उन्होंने कहा कि अगर फारूक ने पहली पत्नी होने के बावजूद दूसरी शादी की है, तो यह पूरी तरह गैरकानूनी है और निकाह में शामिल सहयोगियों पर भी कार्रवाई होगी।रिजवाना मूल रूप से सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर की रहने वाली है और एक निजी स्कूल में टीचर है। उसने बताया कि पहले पति से तलाक के बाद 2016 में फारूक उसकी जिंदगी में आया, तीन साल तक प्यार और शादी का भरोसा दिलाया और फिर 2019 में उन्होंने विवाह किया। लेकिन सोमवार की रात वही प्यार विश्वासघात में बदल गया। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

