पटना, 01 नवम्बर (पटना डेस्क) बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होना है। इसके लिए चुनाव प्रचार अब अंतिम दौर में पहुंच गया है। लेकिन मोंथा तूफान के असर से हो रही लगातार बारिश ने राजनीतिक दलों के जोश पर पानी फेर दिया है।

बीते तीन दिनों से जारी बारिश के कारण शुक्रवार को विभिन्न जिलों में हेलीपैड गीले हो गए, जिससे स्टार प्रचारकों की 14 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। नतीजतन कई चुनावी सभाएँ रद्द करनी पड़ीं और नेताओं को सड़क मार्ग से प्रचार का सहारा लेना पड़ा।बिहार में चुनाव प्रचार के लिए कुल 16 हेलीकॉप्टर बुक किए गए हैं, जिनमें शुक्रवार को मात्र दो ही उड़ान भर पाईं। बीजेपी नेता मनोज तिवारी खगड़िया और आरजेडी नेता तेज प्रताप यादव सिमरी बख्तियारपुर पहुंचे, जबकि अन्य नेताओं की उड़ानें मौसम की मार झेलती रहीं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, जदयू कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी जैसे कई दिग्गज नेताओं को सड़क मार्ग से प्रचार करना पड़ा।झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और दिल्ली की नेता रेखा गुप्ता भी मौसम के कारण अपने कार्यक्रम पूरे नहीं कर सके। वहीं, मनोज तिवारी की सभा में भी हेलीकॉप्टर की लैंडिंग न हो पाने से उन्हें पटना लौटना पड़ा।पटना में शुक्रवार को दृश्यता लगभग 2000 मीटर थी और 4.8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही थी। हालांकि उड़ान भरने में बाधा नहीं थी, लेकिन अधिकांश हेलीपैड की स्थिति खराब होने से लैंडिंग संभव नहीं रही। पहले चरण का प्रचार 4 नवंबर और दूसरे चरण का 9 नवंबर को थम जाएगा। ऐसे में मोंथा तूफान ने राजनीतिक दलों के प्रचार अभियान पर ब्रेक लगा दिया है।

