पटना, 17 अक्टूबर (पटना डेस्क) मोबाइल चलाने के शौक ने एक नाबालिग को इतना महंगा पड़ा कि उसके माता-पिता को करीब ₹2,82,252 की भारी साइबर ठगी झेलनी पड़ी। मामला खानपुर थाना क्षेत्र के नत्थूद्वार गांव का है, जहां राम कुमार शर्मा की पत्नी उषा देवी ने साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दंपति का 16 वर्षीय बेटा, जो इंटरमीडिएट का छात्र है, अक्सर मां का मोबाइल इस्तेमाल करता था। सितंबर महीने में उसने इंस्टाग्राम पर मुंबई की एक कथित कंपनी का विज्ञापन देखा और संपर्क करने पर एक व्यक्ति ने खुद को ललित सिंह बताया।
आरोपी ने झूठे प्रलोभन देकर नाबालिग को बहलाया और 3 अक्टूबर से 7 अक्टूबर के बीच अलग-अलग लेनदेन में माता के खाते से ₹1,95,752 और पिता के खाते से ₹86,500 ट्रांसफर करवा लिए।
उषा देवी ने शिकायत में कहा है कि उनका बेटा नाबालिग है, जिसे सही-गलत की पूरी समझ नहीं है। उसे बहला-फुसलाकर धोखाधड़ी की गई है।
उन्होंने साइबर थाना से ठगी के पूरे पैसे वापस दिलाने और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामला गंभीर होने के चलते पुलिस जांच में जुट गई है।
यह घटना उन सभी अभिभावकों के लिए चेतावनी है, जो बच्चों को बिना निगरानी मोबाइल थमा देते हैं।

